Ballia : शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर आरोपी द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने करीब दो माह पहले थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस थाने में पंचायत व सुलह- समझौता कराने में लगी रही। तब पीड़िता की मां ने एसपी दरबार में गुहार लगायी। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक ने थाने पहुंचकर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिला निवासी लड़की का ननिहाल हल्दी थाना क्षेत्र में है।

काफी समय से 16 वर्षीय नाबालिग यहीं रह कर पढ़ती है। पास के गांव का एक लड़का अक्सर उसके घर जाता था। इसी बीच शादी का झांसा देकर दो माह पहले उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो बना ली। वायरल करने का धमकी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। लड़की की मां को घटना की जानकारी हुई तो उसने आरोपी के परिजनों को घटना से अवगत कराया। परिजनों ने गाली- गलौज व जान मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां ने 13 अगस्त को हल्दी थाने में तहरीर दी। करीब दो माह से नाबालिग लड़की की मां थाने का चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस पंचायत करने में जुटी रही। मुकदमा दर्ज नहीं किया। अंततः पुलिस अधीक्षक के यहां मामला जाने के बाद शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
