Ballia : अज्ञात कारणों से लगी आग, सबकुछ हुआ राख
बलिया। दुबहड़ थाना अंतर्गत शिवपुर दियर नई बस्ती-बेयासी के मलाह बस्ती में सोमवार के भोर में दो बजे लगी आग में घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग किस कारणों से लगी है यह अज्ञात है। आग से एक बकरी भी जल कर मर गई और एक गाय भी झुलस गई। जानकारी के अनुसार शिवपुर दियर नई बस्ती-बेयासी के मलाह बस्ती में बैजनाथ साहनी के घर के लोग गहरी निद्रा में सोए थे कि अचानक घर से आग की लपटें निकलने लगी।
लोग कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें विकराल होकर आसपास के तारा देवी पत्नी स्वर्गीय अयोध्या साहनी, नंदलाल साहनी, नंद जी साहनी के रिहायशी घर में भी आग पकड़ लिया। आनन फानन में आसपास के लोग किसी प्रकार आग पर काबू पाए। तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया था। आग के कारण रिहायशी झोपड़ियों के घर में रखे गए बक्से, जेवर, कपड़े, चारपाई, चौकी, अनाज, पशु चारा, साइकिल, जीवन यापन के लिए घरेलू सामान आदि जलकर खाक हो गया। इस बीच आग बुझाते समय सोनू साहनी का हाथ भी जल गया।