
दुस्साहस
डुमराव निवासी दोनों युवक अपने मौसी के यहां आये थे
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम 20 से ज्यादा युवकों ने दो चचेरे भाइयों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक छानबीन में जुट गयी। वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार डुमरांव बक्सर निवासी दो चचेरे भाई प्रीतम पाठक 28 वर्ष और निशु पाठक 18 वर्ष रविवार को वनबिहार मार्ग स्थित मौसी के घर आए थे। देर शाम दोनों बाइक से डुमरांव लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में पहले से घात लगाये लगभग 20 से ज्यादा युवकों ने दोनों भाइयों को घेर लिया। सभी लाठी-डंडे से लैस थे और दोनों को भाईयों को बेरहमी से पीटने लगे। इस जानलेवा मंें हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गये। इसी बीच चीख पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोग पहुंच गये। लोगों को अपनी ओर आता देखकर सभी हमलावर भाग गये। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्रीतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं निशु की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिये रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गयी। हादसे की जानकारी होते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैल गयी। इस संबंध में सुखपुरा थाना प्रभारी पारस नाथ सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी कर आरोपियों की खोज चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है।

