
बैरिया (बलिया)। दहेज के लिए मंगलवार को विवाहिता की हत्या कर ससुरालियों द्वारा फांसी पर लटका दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गयी। वहीं मृतका के भाई के तहरीर पर पति, सास, ससुर पर बैरिया पुलिस ने दर्ज दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बता दे कि पिंटू यादव पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी दोकटी की बहन ज्योति 20 वर्ष की शादी 2 जून सन् 2023 को महेंद्र यादव पुत्र शिवजी यादव निवासी जगदेवा के साथ हुई थी। भाई का आरोप है कि मेरी बहन को दहेज के लिए बराबर प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार को दिन में उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। शाम को पिंटू के तहरीर पर मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ससुराली घर का दरवाजा बंद कर फरार हैं। एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि पति महेंद्र यादव, ससुर शिवजी यादव व सास के विरुद्ध धारा 498 ए व 320 बी दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।