
बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवटलिया चौबे (बलुआ) गांव में बुद्धवार की दोपहर खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से लगी आग की घटना में 25 परिवारों की 40 झोपड़ियों सहित दो दर्जन बकरी, एक गाय, एक भैंस, एक बछिया, जल कर मर गयी, जबकि एक गाय झुलस गयी। घटना में तीन घर के गैस सिलेंडर के फटने से आग ने भीषण रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में दोपहर लगभग एक बजे के करीब भोला राजभर के झोपड़ी में सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। भोला राजभर के परिवार के लोग घर से बाहर भाग गये। अभी वहां के लोग कुछ समझ पाते कि घर का गैस सिलेंडर फट गया तथा आग ने विकराल रूप ले लिया, पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी-अपनी जान बचा कर भागने लगे।


लोग जब तक कुछ समझते आग ने विकराल रूप धारण करते हुए अपने आस-पास के रिहायशी झोपड़ियों को भी अपने आगोश में ले लिया। आग के विकराल रूप को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल फायर बिग्रेड एवं पुलिस को दिया तब तक आग ने केवटलिया निवासी कुंदन राजभर, दरोगा राजभर, मदन राजभर, दीपनारायण राजभर, विनोद रामाशंकर, स्वामीनाथ साहनी, कन्हैया साहनी, देवेंद्र साहनी, रामनारायण साहनी, अवधेश साहनी, सीताराम, गुड्डू राजभर, दिनेश राजभर, शंभू राजभर, राजू राजभर, जितेंद्र मिश्र, रामनारायण साहनी, राजू नारायण साहनी, सुरेंद्र साहनी इत्यादि कई लोगों की रिहाइसी झोपड़िया एवं उसमें रखा कपड़ा, बिस्तर, अनाज, साईकिल, बर्तन खाने-पीने एवं ओढ़ने बिछाने के समान सहित पशुओं के लिए रखा चारा जलकर राख हो गया। भीषण गर्मी में दोपहर होने के कारण धूप से बचने के लिए झोपड़ी में बंधी करीब एक दर्जन बकरियां, एक गाय की बछिया पूरी तरह झुलस गयी। वहीं कई दर्जनों पशु भी झुलस कर घायल हो गए। आग की सूचना पर दलबल पहुंचे कोतवाली निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से एवं फायर बिग्रेड के तीन गाड़ियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की सूचना पर तत्काल प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। स्थिति का जायजा लेने एडीएम, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, सीओ एसएन वैश्य, नायब तहसीलदार अंजू यादव, पशु चिकित्साधिकारी मनोज राव मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व विभाग की टीम पहुंचे घटना में नुकसान के आंकलन के लिए पीड़ितों से जानकारी लेते रहे।

घटनास्थल पर पहुंची विधायक ने लिया जायजा
घटना की सूचना पाते ही क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। विधायक ने अपनी ओर से तत्काल सभी पीड़ित परिवारों को तिरपाल वितरण कराने के साथ ही आज शाम का सामूहिक भोजन भी मौके पर बनवा कर पीड़ितों की मदद की। वहीं अग्नि पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाते हुए उपस्थित हलके के लेखपाल को पूरी नुकसान का विवरण बनाकर सहायता दिलाने का निर्देश दिया।
