
बैरिया (बलिया)। उप जिलाधिकारी सुनील कुमार ने धान क्रय केन्द्रों का गुरूवार को उद्घाटन किया। पहले दिन सरकारी धान क्रय केंद्र रानीगंज (करमानपुर) पर 30 कुंतल धान बेचने वाले किसान शिवजी यादव निवासी सुरेमनपुर को उप जिलाधिकारी ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं लालगंज व करमानपुर धान क्रय केन्द्रों पर सभी सुविधाओं को जांचा परखा एक-एक बिन्दु को बिन्दुवार ध्यान मंे रखते हुए कहा कि किसी भी धान बेचने वाले किसानों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसान देश व समाज के पालनहार व अन्नदाता है।

इस अवसर पर ई-पास मशीन, पेयजल, शेड, बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने का निर्देश केंद्र प्रभारियों को दिया। चेताया कि कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उप जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक 550 किसानों ने धान विक्रय करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। धान बेचने वाले सभी किसानों को 72 घंटे के अंदर उनके खाते में पैसा सुरक्षित करा दिया जाएगा। भुगतान मे भी हिलाहवाली नहीं होगी। उप जिलाधिकारी ने किसानों से आग्रह किया है कि अगर धान बेचने में कोई असुविधा या दिक्कत आ रही हो तो सीधे मुझसे संपर्क करें। सम्मानित किसानों की सभी समस्याओं का त्वरित समाधान कर सन्तुष्ट किया जाएगा।