
बैरिया। क्षेत्र के दुबेछपरा अवस्थित कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान व आस-पास के इलाकों को कटान से सुरक्षित करने के लिए साढ़े तीन करोड़ की लागत से कटान रोधी कार्य कराने की स्वीकृति बाढ़ विभाग को शासन से मिली है। उक्त जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड बलिया संजय मिश्र ने बताया कि 168 मीटर लम्बाई में चार लेयर की पार्काेपाइन विधि से कटानरोधी कार्य कराया जाएगा, जिसे कन्हई बाबा ब्रह्म स्थान व आस-पास के इलाकों को कटान से बचाया जा सकेगा। गौरतलब है कि जिला पंचायत सदस्य गीता सिंह ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर इस मामले को रखने के बाद जिलाधिकारी बलिया व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश के समक्ष रखते हुए गुहार लगाई थी कि अगर इस साल कटानरोधी कार्य नहीं कराए गए तो कन्हई ब्रह्म स्थान सहित अन्य इलाके गंगा में विलीन हो जाएगा। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश ने गम्भीरता दिखाते हुए इस परियोजना को स्वीकृत करने का निर्देश मातहतों को दिया था, जिसके क्रम में यह कार्य स्वीकृत हुआ है।

