
बेल्थरारोड। आर्य समाज के उपदेशक हरिशंकर अग्निहोत्री ने कहा कि आज देश के अन्दर अब काफी वृद्ध आश्रम खुल चुके हैं। यदि परिवारों में संस्कार कायम होता तो इन वृद्ध आश्रमों का कहीं अता-पता नहीं होता। कहा कि परिवार में योग्यता के अभाव के कारण ऐसा होने लगा है। गृहस्त आश्रम बसाने के लिए योग्यता का होना अति आवश्यक है। स्थानीय नगर के रामलीला मंच से बीते 8 अप्रैल से आयोजित आर्य समाज के तीन दिवसीय 90वां वार्षिकोत्सव के मौके पर रविवार की रात्रि में उपदेशक अग्निहोत्री बोल रहे थे। उन्होंने महाराज मनु की चर्चा करते हुए कहा कि ज्येष्ठ व श्रेष्ठ दो आश्रम है और जीवन के चार पड़ाव हैं, जिसके माध्यम से सभी को गुजरना पड़ता है। कहा कि जन्म के बाद माता-पिता व आचार्य से मानव को संस्कारों को सीखना होता है। आज की दानव रुपी दहेज की चर्चा करते हुए कहा कि पैसे को लेकर काला तथा गोरे की पहचान विलुप्त हो चुकी है। वेद की चर्चा करते हुए कहा कि शुभ विवाह तो दिन में होने चाहिए, लेकिन मुगल सल्तनत के अत्याचार के कारण शुभ विवाह रात्रि में होने लगे हैं। उन्हांेने यह भी कहा कि जिस प्रकार दो कलश के जल को मिलाकर अलग नहीं किया जा सकता, उसी प्रकार शुभ विवाह के बन्धन से पति-पत्नी को अलग नहीं किया जा सकता। शुभ विवाह के संस्कार को कराने के लिए आर्य समाज के पुरोहित के होने पर बल दिया। उन्होंने हाथरस जिले के आर्य समाज के लोगों को धन्यवाद दिया कि उनके यहां शुभ विवाह दिन में आज भी कराये जा रहे है। भजनोपदेशिका नयनश्री प्रज्ञा देवी ने अपने संगीतमयी प्रवचन के माध्यम से घरेलू संस्कारों पर चर्चा कर उनमें सुधार पर जोर दिया। कहा कि माता-पिता के जीवित रहते उनकी सेवा नहीं हो पाती, मरने के बाद महापात्रों को उनके नाम खुल कर दान किया जाता है। सवाल करते हुए कहा कि जब जीवित रहते उनकी आत्मा को तृप्त नहीं कर पाये तो मरने के बाद दिये जा रहे इन दान से अपने पितरों को कैसे संतुष्ट कर पाओगे। इसके अलावे पं0 लालमणि शर्मा ने भी अपने भजनोपदेश के द्वारा सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यवस्था की दृष्टि से आर्य समाज के प्रधान आनन्द कुमार आर्य, उप प्रधान शिव कुमार गुप्ता, मंत्री जोरावर सिंह, कोषाध्यक्ष अखिलेश कुमार गुप्ता, अधिष्ठाता रुपचन्द, उपमंत्री हरिप्रकाश बरनवाल, महिला आर्य समाज से प्रधान उषा राय, मंत्री रागिनी गुप्ता, कोषाध्यक्ष गीता देवी, सभा संरक्षिका के रुप में मुन्नी देवी, शकुंतला देवी एवं राजकुमारी देवी व उनकी टीम सक्रिय दिखी।

