
रोशन जायसवाल,
बलिया। बांसडीह विधानसभा के पिण्डहरा गांव में नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन ऐतिहासिक रहा। भीड़ को देख गदगद हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी चर्चा उस समय की, जब वह क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह के आवास मैरीटार में लंच करने गये हुए थे। इस बीच मुख्यमंत्री ने विधायक केतकी सिंह को बधाई दी। कहा कि मैं जैसा चाहता था, उस तरह का कार्यक्रम हुआ है। बलिया का नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन कई मायने में खास एवं


ऐतिहासिक रहा। लगभग 20 मिनट तक मुख्यमंत्री विधायक केतकी सिंह के आवास पर रहे। विधायक आवास पर मुख्यमंत्री ने मोटा अनाज में सावा-कोदो से बने व्यजंनों का लुफ्त उठाया। साथ ही दही एवं सहतवार के गाजर का हलवा को भी चखा। वैसे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से विधायक केतकी सिंह का रूतबा बढ़ाते हुए उनको लोकप्रिय विधायक बताया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बहुत पहले से यह चर्चा थी कि बांसडीह

विधानसभा क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन में भीड़ हो पायेगी या नहीं? इसको लेकर अधिकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भी चिंतित थे। कार्यक्रम स्थल पर बने तीन बड़े पंडालों में हजारों की संख्या में कुर्सियां लगी थी।

एक दिन पहले आईजी, जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक एस आनंद समेत आला अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि पंडाल में लगी कुर्सियां भर जायेगी, लेकिन विधायक केतकी सिंह ने पूरे दावे के साथ यह कहा था कि भीड़ इतनी होगी कि यह पंडाल छोटा पड़ जायेगा और ऐसा ही हुआ। महासम्मेलन के दौरान भीड़ इतनी थी कि महिलाओं एवं लोगों को बैठने तक की जगह नहीं मिली। लोग खड़े होकर

मुख्यमंत्री का संबोधन सुनते रहे। सभा स्थल पर यह चर्चा रहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलिया में कई बार आये, लेकिन कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की संख्या ही अधिक रही। इस बार पिण्डहरा में आयोजित महासम्मेलन में महिलाओं की अधिक भीड़ देखी गई।
इनसेट
35 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
बांसडीह विधानसभा के पिण्डहरा में विधायक केतकी सिंह द्वारा आयोजित नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुल 128 करोड़ की 35 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसमें 37 करोड़ 67 लाख की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 91 करोड़ से अधिक की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इनसेट
महिला शिक्षक व कांस्टेबल को सीएम ने किया सम्मानित
नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा क्षेत्र दुबहर के प्राथमिक विद्यालय अमृतपाली की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा उपाध्याय एवं महिला कांस्टेबल खुशबू तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।