
बैरिया। मोदी सरकार के ऐतिहासिक नौ वर्ष का स्वर्णिम कार्यकाल पूरा होने पर कोटवा ब्लाक परिसर में लाभार्थी सम्मेलन में शुक्रवार की शाम सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों के साथ संवाद करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि भारतीय राजनीति में जो भरोसे का संकट पिछली सरकारों ने पैदा किया था उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने समाप्त किया है। जनता को लग रहा है कि जो सरकार कह रही है, वह कर रही है, ऐसा हो भी रहा है। 1952 में नेहरू के सरकार से लेकर राजीव गांधी के सरकार तक चुनाव में सरकार घोषणा पत्र जारी कर वोट ले लेती थी और घोषणा पत्र को रद्दी की टोकरी में डाल दिया जाता था। हमारी सरकार ने घोषणा पत्र के जगह संकल्प पत्र जारी करना शुरू किया और हमने देश और प्रदेश में विकास के नए आयाम कायम किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश विकास कर रहा है। ऐसे में रानीगंज बाजार व कोटवा का भी विकास होना चाहिए। इसके लिए ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख को पारदर्शी तरीके से विकास कार्य को धरातल पर उतारना चाहिए। धनाभाव है तो धन की व्यवस्था मैं कराऊंगा, विकास होनी चाहिए। गाय पालन और गाय के दूध के औषधीय गुण चर्चा करते हुए सभी किसान को अनिवार्य रूप से कम से कम एक गाय जरूर पालने पर बल दिया।बताया कि गाय का गोबर भी सरकार खरीदने को तैयार है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं किसी प्रकार की विकास कार्यों की जरूरत है तो हमें बताएं उसे तुरंत किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि अधिकारी इंद्राज ने कहा कि देश का विकास तभी होगा जब किसान विकसित होंगे। किसानों के विकास के लिए देश व प्रदेश की सरकार कई महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। वहीं किसान सम्मान निधि चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के किसानों को 36 हजार करोड़ रुपए किसान सम्मान निधि के रूप में प्रतिवर्ष दिया जाता है। अकेले बलिया में 60 हजार किसानों को ढाई करोड़ सम्मान निधि दी जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अकेले बलिया के किसानों का 256 करोड़ों रुपए का कृषि ऋण माफ किया था। सरकार किसानों के विकास के प्रति संकल्पित है। जरूरत है हम लोग निष्ठा के साथ कार्य करें। सरकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाएं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह, राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य विजय बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, अश्वनी ओझा, शैलेश पासवान, दिलीप गुप्ता, मदन सिंह के अलावा खंड विकास अधिकारी बैरिया सत्य प्रकाश सिंह ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रत्नेश सिंह व सचांलन अमिताभ उपाध्याय ने किया।
