
जयप्रकाश बरनवाल
बिल्थरारोड (बलिया)। मधुबन मार्ग पर सोमवार की रात भटपुरवा ग्राम के पास गाय लदी पिकअप ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक को टक्कर देने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो एक मजार की दीवार से जा टकराई। हादसे में पिकअप पर लदी गाय की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर कराया गया। जबकि पुलिस की मौजूदगी में मृत गाय को दफना दिया गया। बताया जाता है कि क्षेत्र के वीरभानपुर निवासी राजकुमार राम 25 वर्ष अपनी बहन के साथ बाइक पर सवार हो मधुबन की तरफ से अपने घर की ओर जा रहे थे कि भटपुरवा के पास तेज गति से आ रही गाय लदी पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। पिकअप के धक्के से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई तथा उस पर सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी। इस दौरान पिकअप पर सवार गाय की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मृत गाय को दफना दिया। हादसे के पास पिकअप छोड़ चालक भाग निकला। पुलिस में पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है।