
बलिया। मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के आदेश के बाद कांग्रेस के सहयोगी दलों ने खुशी का इजहार किया है। जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने कहा कि अब राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होनी चाहिए। कहा कि सर्वाेच्च न्यायालय के सजा के आदेश पर रोक लगाते ही भाजपा के षडयंत्र का पर्दाफाश हो गया। यह सच्चाई और न्याय की जीत है। अवलेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी पर मानहानि के मुकदमे में सजा पर रोक का सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। यह सच्चाई और न्याय की जीत है। मोदी सरनेम टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि निचली अदालत के न्यायाधीश की ओर से अधिकतम सजा देने का कोई कारण नहीं बताया गया है। इससे न केवल राहुल गांधी का सार्वजनिक जीवन में बने रहने का अधिकार प्रभावित हुआ, बल्कि उन्हें चुनने वाले मतदाताओं का अधिकार भी प्रभावित हुआ। अवलेश सिंह ने कहा कि इस निर्णय से भारत में लोकतंत्र की नींव और गहरी हुई है। कहा कि जनता की आवाज, नौजवानों की बेरोजगारी की आवाज, किसानों की आवाज, मजदूरो की आवाज सदन में बुलन्द होगी।