
बलिया। विकास खंड बेलहरी के बघौच गौशाला के कर्मचारी नीरज साह निवासी बघौंच का बकाया वेतन भुगतान को लेकर घूस मांग रहे एक लेखाकार को विजलेंस टीम वाराणसी ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसको लेकर हड़कम्प की स्थिति मची रही। यह सब घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझ मे नही आया। डिप्टी एसपी के नेतृत्व में आई विजलेंस टीम ने मंगलवार के दिन छापामारी कर बेलहरी विकास खंड के लेखाकार ब्रजेश गुप्ता को 10 हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार गौशाला के कर्मचारी नीरज साह का 11 माह का वेतन बकाया था जिसके एवज में लेखाकार ब्रजेश गुप्ता ने 10 हजार रुपए की मांग की थी। निरज साह ने विजलेंस टीम वाराणसी से इसकी लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद एक्शन में आई विजलेंस टीम ने छापामारी कर ब्रजेश गुप्ता को रंगे हाथ पकड़ कर अपने साथ ले गई। कार्यवाही इतनी गुप्त रही की इसकी जानकारी कुछ देर बाद ही अन्य उपस्थित ब्लाक कर्मचारियों को हुई। इस पूरी घटना के समय प्रभारी खंड विकास अधिकारी शकील अहमद भी मौजूद रहे। लेकिन उन्होंने इस घटना के संदर्भ में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। गिरफ्तारी के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ था। इस घटना को लेकर क्षेत्र में कई प्रकार की चर्चाएं व्याप्त हैं।
इस संबंध में राधेश्याम सरोज, एएसआई, थाना हल्दी ने बताया कि विजलेंस के द्वारा बेलहरी ब्लॉक में कार्रवाई की गई है। इस दौरान टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में ब्लॉक के लेखाकार को गिरफ्तार कर वाराणसी ले गई है।