Ballia : पुरवाइयां हवा से कटान तेज, तटवर्तियों की बढ़ी धुकधुकी

बैरिया (बलिया)। तेज पूरवाई हवा के साथ सरयू नदी के कटान ने सुरेमनपुर दियराचंल के गोपाल नगर टाड़ी पर कटान का कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इससे दियराचंल मे दहशत का माहौल पैदा हो गया है। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ गोपालनगर टाड़ी के निकट कटान तेज हो गया है। प्रतिदिन लगभग 50 से 60 फिट उपजाऊ भूमि नदी में समा रही है। सरयू नदी का कटान बस्ती के काफी करीब पहुच जाने से एक दर्जन से अधिक लोग अपना आशियाना ताबड़तोड़ उजाड़ने मे लगे है। यही स्थिति रही तो इस साल सरयू नदी के कटान से सुरेमनपुर दियरांचल के इस गांव का अस्तित्व मिटने की आशंका प्रबल है। उल्लेखनीय है कि तुर्तीपार में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यहां भी नदी में पानी लबालब हो गया है। तेज पुरवईया हवा के झोंकों से मंगलवार को कटान तेज हो गया है। नदी का रुख देखते हुए मैनेजर यादव, धनजी यादव, मनजी यादव, बबन यादव, गेंदा यादव, रामनाथ यादव सहित दर्जनभर लोग अपना आशियाना उजाड़ने लगे है। इससे पहले भी दर्जन भर से अधिक लोग अपना आशियाना उजाड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए है। वहीं दियरांचल में कही भी न तो बाढ़ चौकी बनाई गई है,नही बाढ़ राहत शिविर मौके पर राजस्वकर्मी या अन्य विभागों के कर्मचारी भी नही दिखाई दे रहे है। ऐसी स्थिति में यहां के लोग भगवान भरोसे है।

Leave a Comment