
कन्नौज के एक गांव में सात साल की बच्ची से दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है। मासूम बच्ची का शव देखकर लोगों के अंदर आक्रोश देखने को मिला। मृत बच्ची के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। दरिंदों ने उसका एक पैर काट दिया था। मृत बच्ची की मां ने बताया कि मैंने अपनी बेटी को गुड़िया की तरह सजा कर शादी में भेजा था। वह बहुत सुंदर लग रही थी। पता नहीं दरिंदों की नजर कब उस पर पड़ गई और वो उसे उठा ले गए। तीन दिन बाद बहुत गंदी हालत में मिली। मैंने अपनी लाडो की आंखों में काजल लगाया था, दरिंदों ने उसे भी निकाल लिया, जला दिया। हाय मेरी बच्ची। ऐसा लगता है चेहरा तेजाब से जला दिया गया है। दरिंदों को भी उसी तरह मारा जाए। उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए। मां का करूण क्रंदन सुनकर लोगों की आंखें भर जा रही है। जानकारी के अनुसार रविवार की शाम तालाग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव में मक्के के खेत से एक बच्ची का शव मिला। शव पर एक भी कपड़ा नहीं था। शव की हालत बहुत बुरी थी। सिर से लेकर पैर तक गंभीर चोटों के निशान थे। शव की शिनाख्त गांव में 4 मई को शादी समारोह से लापता हुई बच्ची के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने रेप और मर्डर का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि बच्ची को जलाने का प्रयास भी किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

