
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के भीटा भुवारी ग्राम सभा में शनिवार की देर रात भूमि विवाद में जमकर मारपीट हुई। इसमें तीन लोग घायल हो गये। आनन-फानन में परिजनों व स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में प्राथमिक उपचार के लिए दाखिल कराया। जहां पर चिकित्सक ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जिला सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने अपने निजी साधनों से तीनों घायलों को बेहतर प्राथमिक उपचार के लिए मऊ किसी प्राइवेट अस्पताल में लेकर जा रहे थे। तभी घायल अनिल यादव 55 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश यादव की मौत हो गयी। वहीं उदयभान यादव 60 वर्ष व शैलेंद्र यादव 30 वर्ष पुत्र उदयभान यादव का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव के बाहर कुछ दूरी पर डेरा है। वहां यह तीनों लोग सोने गए हुए था। उसी समय डेरे पर मौजूद लोगों को करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर लैस हमला बोलकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी दुर्गा प्रसाद मिश्र मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन कर रहे हैं वहीं विपक्षी घटना की सूचना मिलते ही अपना घर से फरार है। गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सीओ रसड़ा मो. फहीम ने बताया कि इस मामले में 7 लोगों को नामजद किया गया है। जिसमें 2 लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। घटनास्थल पर एडिशनल एसपी दुर्गा प्रसाद मिश्र सीओ रसड़ा मो फहीम उभांव थाने के क्राइम इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह मौजूद रहें।

