
सीएम योगी पर साधा निशाना, कहा कि उन्होंने की है कोर्ट की अवमानना
रोशन जायसवाल,
बलिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का स्वागत फेफना स्थित होटल बलियांस में सतीश चौधरी उर्फ नागा चौधरी ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी, विधायक संग्राम सिंह यादव, जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, पूर्व मंत्री तारकेश्वर मिश्र, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह आदि ने स्वागत किया। इस अवसर पर नागा चौधरी ने अंगवस्त्रम व बुके देकर शिवपाल सिंह यादव का स्वागत किया। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता भी की।

उन्होंने जिले की समस्याओं पर आवाज उठाते हुए कहा कि सपा सरकार में बाढ़ और कटान से निपटने के लिये योजनाबद्ध तरीके से काम हुआ था और प्राथमिकता के आधार पर पैसे रिलीज कर कटानपीड़ितों और बाढ़ पीड़ितों को भी आशियाना व मुआवजा दिया गया था। लेकिन वर्तमान समय में बलिया के घाघरा से जो कटान हो रहा है उससे बचाव करने में सरकार पूरी तरह से विफल है। कई गांव खतरे में हैं उनको बचाना जरूरी है।

इनसेट
ज्ञानवापी मुद्दे पर सीएम पर शिवपाल ने साधा निशाना
इस दौरान ज्ञानवापी मुद्दे पर सीएम योगी के बयान पर शिवपाल यादव ने कहा कि यह कोर्ट की अवमानना हैं। कहा कि कोर्ट में अगर केस है तो सीएम योगी का इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। भाजपा लोकतंत्र विरोधी है।

इनसेट
इंडिया के पास पीएम के चेहरे की कमी नहीं
एक सवाल के जवाब में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इंडिया से पीएम का चेहरा कौन होगा यह बताना जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना जरूर है कि इंडिया से पीएम के चेहरे कई है जो भाजपा के पीएम के चेहरे से बेहतर हैै। पढ़े लिखे और योग्य है। जो देश हित में बेहतर कार्य करेंगे।

इनसेट
यूपी की 40 सीटें जीतेगी सपा
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों पर 40 सीटें सपा की झोली में आएगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में जनता सपा को विकास के रूप में देख रही है। आने वाले दिनों में सपा ताकत और नई उर्जा के साथ चुनाव लड़ेगी।
इनसेट
मुसलमान है सपा के साथ
शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया कि मुसलमान सपा के साथ रहेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव में सपा के पक्ष में मुसलमान खुलकर सामने आएंगे। मऊ के विधायक अब्बास अंसारी के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा कि अब्बास किसके साथ है। वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को लेकर शिवपाल यादव ने ओमप्रकाश राजभर को अपनी भाषा संयम बरतना चाहिए था, उन्हें संवैधानिक पद पर बैठे पीएम, सीएम और गृहमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। अब तो वह जहूराबाद सीट से फिर चुनाव जीत कर दिखाये। हकीकत पता चल जाएगा।

इनसेट
पत्रकारों का सवाल यह था कि बसपा सुप्रीमो मायावती इंडिया के साथ न होकर अकेले अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया हैं। इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह सवाल तो आप सभी को उन्हीं से करना चाहिए। हमें तो लगता है कि कहीं मायावती भाजपा के साथ न चली जाए।
इनसेट
पूर्वांचल में एक भी विकास कार्य बताये भाजपा
शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा के नौ साल बेमिसाल पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि नौ साल बेमिसाल का नारा देते हुए विकास की बात कह रहे है। लेकिन पूर्वांचल में भाजपा एक भी विकास कार्य दिखा दें। जो भी विकास हुए है वो सपा सरकार में हुए है और इसे जनता भी जानती है। भाजपा विकास पर नहीं बल्कि वादों पर चल रही है।