
बलिया। गड़वार थाना पुलिस द्वारा महिला पर जानलेवा हमला करने से संबंधित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा मय एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान कर दिया। पुलिस अधीक्षक एस आनन्द द्वारा जनपद में अपराध के समूल उन्मूलन एवं अपराधियो पर अंकुश लगाये जाने हेतु चलाये जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना गड़वार पुलिस टीम को यह सफलता मिली है। उल्लेखनीय है कि विगत 15 जुलाई को वादिनी द्वारा थाना स्थानीय पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि रात्रि करीब 12.30 बजे दुकान खाली कराने के विवाद को लेकर नेसार अंसारी व सरोज अंसारी ने घर पर आकर मेरी मां वाहिदा खातून को गोली मार दिया जिससे वादी की मां घायल हो गयी। इस सम्बन्ध में थाना गड़वार पर तत्काल सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम सक्रिय हो गयी और जगह-जगह दबिश देनी शुरू कर दी। सोमवार को गड़वार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों निसार अहमद और मो. सिराज अंसारी पुत्रगण स्व. रउफ निवासीगण गड़वार को गड़वार बलिया रोड़ स्थित सीमेन्ट गोदाम के सामने त्रिकालपुर सड़क के पास से धर दबोचा। अभियुक्तों के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 1 अवैध तमंचा मय 1 अदद खोखा कारतूस बांस कोठी के पास झाड़ियों के बीच से बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान कर दिया।