
बलिया। किशुनीपुर में एनएच 31 पर बाइक एवं ब्रेजा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने परिजनों के सहयोग से घायल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम नगवा निवासी राधेश्याम यादव उर्फ सिंटू 26 वर्ष पुत्र स्वर्गीय अशोक यादव घोड़हरा जा रहे थे। तभी बैरिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार सिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच आ रही पिकअप ने जोरदार ब्रेक लगाया। जिससे पिकअप बाइक पर पलट गई। घटना के बाद भाग रहे ब्रेजा चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। दुर्घटना की खबर सुनते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा अपने हमराही के साथ मौके पर मौजूद होकर घायल राधेश्याम को परिजनों के सहयोग द्वारा जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत सिंटू को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है की राधेश्याम यादव की विवाह गत 20 मई को हुई थी। घटना की जानकारी होते ही गांव में मातम पसर गया। घर में बूढ़ी माता एवं नई नवेली पत्नी का रोते-रोते बुरा हाल है।

