Ballia : पूर्व पीएम के गांव से निकली पदयात्रा पहुंची भृगु नगरी

बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के जन्मस्थान इब्राहिमपट्टी से जयप्रकाश नारायण के जन्मस्थान जयप्रकाश नगर तक समाजवादी जनता पार्टी (चंद्रशेखर) के द्वारा निकली सद्भावना पदयात्रा निरंतर सड़क मार्ग से चलते हुए आज चौथे दिन बलिया शहर में प्रवेश किया। शहर में प्रवेश करते ही नगरपालिका परिषद् सीमा पर बेरूआरबारी ब्लॉक से शारदा सिंह ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ पदयात्रियांे का स्वागत किया।

रेलवे स्टेशन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम जी त्रिपाठी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बलिया का गौरवशाली इतिहास हमें त्याग और बलिदान के साथ-साथ अपने स्वाभिमान की रक्षा करना भी सिखाता है ।प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक मंगल पांडेय की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि चंद्रशेखर जी यदि अपने स्वाभिमान से समझौता कर लिये होते तो वे कई वर्षों तक प्रधानमंत्री रहते लेकिन बलिया की स्वाभिमानी मिट्टी ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि बलिया ने हमेशा देश की राजनीति को सही दिशा में ले जाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है।

आज देश फिर बलिया की ओर देख रहा है। आप सभी को जातिवाद धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में गांधी, जयप्रकाश और चंद्रशेखर के विचारों के अनुरूप बड़ा फैसला लेने की जरूरत है। पदयात्रियों का नेतृत्व कर रहे सजपा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि हमारे नेता चंद्रशेखर जी ने देश में कभी बलिया के लोगों का सम्मान कभी कम नहीं होने दिया। बलिया के लोग देश के किसी भी कोने में बड़े शान से चंद्रशेखर के बलिया का होने का अनुभव करते रहे। उन्होंने कहा कि देश एक बार फिर संकट में है। राष्ट्र की संपत्ति जिस पर देश के बच्चे-बच्चे का समान अधिकार है, उसे कुछ पूँजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। रेलवे, बैंक जैसे क्षेत्र जो राष्ट्र की सबसे सुरक्षित प्रतिष्ठाने रही उन्हें भी पूंजीपतियों के हाथों बेच दिया गया। कहा कि सरकार की गलत टैक्स नीतियों के कारण व्यापारी वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष जगत नारायण मिश्र ने बेरोजगारी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी नौजवानों के बेरोजगार होने के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है। नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका की चापलूसी में भारत के किसानों, नौजवानों को बेदम कर दिया। उन्होंने जनपद के नौजवानों से अपील किया कि वे अपने स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए चंद्रशेखर जी की नीतियों को आत्मसात करते हुए समाजवादी जनता पार्टी के साथ आगे बढ़े। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह रंजन ने अत्यधिक बारिश से जिले के किसानों की बरबाद हो चुकी फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की। पदयात्रा में सजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह, पूर्व ब्लॉकप्रमुख विवेक सिंह, छात्रसंघ पूर्व अध्यक्ष जगत नारायण मिश्रा, छात्रसंघ महामंत्री अमित सिंह छोटू, अजय सिंह, रविभान सिंह, प्रीतम सिंह, डॉ0 शशिकांत सिंह, शारदानन्द सिंह, अवकाश, अमित सिंह, इरफानुल, अध्यापक सलामुद्दीन अंसारी, अध्यापक आशीष प्रताप सिंह आदि शामिल रहे। पदयात्रा का अगला पड़ाव आज रात बेलहरी में होना है, जहां से 9 अक्टूबर को प्रातः बैरिया के लिए प्रस्थान करेंगे।

इसे भी पढ़े -   विधान सभा चुनाव-2022: बसपा में दिख रही टिकट के दावेदारों की ‘कमी’

Leave a Comment