कांग्रेस के जिला व शहर अध्यक्षों के नामों की जल्द होगी घोषणा



लखनऊ से एक बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों के अनुसार आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की जिला व शहर इकाइयों का गठन जल्द होगा। प्रदेश कांग्रेस ने जिला व शहर अध्यक्षों के नामों का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दिया गया है। अगले सप्ताह प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी केंद्रीय नेतृत्व को सौंपे जाने की तैयारी है। इस बार 12 से अधिक जिलों में शहर इकाइयों का गठन भी किए जाने की भी सिफारिश भी की गई है।
कांग्रेस बड़े जिलों में पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि जिला व शहर कमेटी के अध्यक्षों के लिए 133 नामों का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें 76 जिलाध्यक्षों के नाम शामिल हैं। प्रयागराज को पार्टी ने दो भागों में बांट रखा है, जहां यमुनापार व गंगपार के अलग-अलग जिलाध्यक्ष नियुक्त होते हैं। इनके अलावा लगभग 55 जिलों में शहर इकाइयां गठित थीं। जिला व शहर अध्यक्षों के नाम घोषित होने के बाद कमेटियों का स्वरूप तय किया जाएगा। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी में इस बार 200 से अधिक पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। पार्टी का जोर सभी धर्म व वर्ग की भागीदारी पर है।