
रोशन जायसवाल,
बलिया। श्री रामनवमी के अवसर पर गुरूवार को भृगु क्षेत्र में राम जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस दौरान श्रीराम भक्तों द्वारा शोभायात्रा में जमकर फूलों की वर्षा की गयी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा कदमतर स्थित छोटी मठिया पर पहुंची। यहां दिन में 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया गया।


उसके बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त भी शामिल हुए।

हिंदू युवा वाहिनी ने भी किया हवन पूजन
टीडी कालेज स्थित हनुमान मंदिर में श्री राम जन्मोत्सव मनाया गया। यहां हिदु युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन कर भगवान का जन्मोत्सव मनाया और मिठाईयां बांटी।

डीएम ने कराया हरिकीर्तन
रामनवमी के अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने श्रीराम जन्मोत्सव पर हनुमानगढ़ी मंदिर मेंं हरिकीर्तन कराया। यहां सुबह से शाम तक प्रशासन के लोग जमे रहे। चर्चा यह होती रही कि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी भगवान के जन्मोत्सव पर हनुमान ग गढ़ी मंदिर में हरिकीर्तन कराया है और लोगों में प्रसाद भी वितरित किया है।

जगह-जगह से निकली श्रीराम यात्रा
नगवा सहित अन्य क्षेत्रों से रामनवमी के अवसर पर श्रीराम यात्रा निकाली गयी। गाजे बाजे के साथ यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए भृगु मंदिर पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह भक्तों द्वारा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।


मंदिरों और घरों में हुआ कन्या पूजन
रामनवमी के अवसर पर मंदिरों और घरों पर कन्या पूजन के बाद भोज का कार्यक्रम किया गया। चारों तरफ जहां मंदिरों में पूजा पाठ हवन होते रहे वहीं घरों में कन्याओं का पूजन होता रहा। महिलाएं कन्याओं के सिर पर चुनरी बांधकर तिलक करने के बाद आरती की और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और उनके पसंद की भोजन भी कराया।
