Ballia : नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
![](https://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/03/13balpic-3.jpg)
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के केवरा में बुद्धवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार शोभा देवी (24) वर्ष पत्नी सतेंद्र गोंड बुद्धवार को अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर उस पर झूल गयी। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर कोई नहीं था। मृतका की सास गांव के एक बच्चे के मुंडन संस्कार में गयी हुई थी। वहीं उसके ससुर सब्जी की दुकान पर थे, जबकि पति केवरा बाजार में सब्जी तौलने के काम में गया था। घटना के बाबत मृतका के पति ने बताया कि करीब 10 बजे के आस-पास बाजार से ही अपनी पत्नी को फोन किया तो उसने फोन काट कर मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया, जिसके कुछ देर बाद वह घर पंहुचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
![](https://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/03/13balpic-4.jpg)
काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह दीवाल फांदकर अंदर घुसा तो देखा कि शोभा फंदे से झूल रही है। शायद उसमें जान बची हो सोचकर उसने उसे फंदे से नीचे उतारा और स्थानीय चिकिसक को बुलाया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भी घटना को देखा और इसके बाद घरवालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना के बाबत पुलिस ने मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घटनास्थल पर पंहुचे मृतका के पिता तारकेश्वर शाह निवासी जमालपुर थाना बैरिया ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते वर्ष 15 मई को उनकी पुत्री का विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही उसके साथ ससुराल में दुर्व्यवहार किया जाता रहा, जिसकी उसने उनसे शिकायत भी की थी। उनके द्वारा इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई। अभी एक माह पूर्व ही मृतका के ससुराल व मायके वालों के बीच इसी विवाद को लेकर पंचायत हुई थी, जिसमें सुलह समझौता होने के बाद मृतका मायके से ससुराल वापस रहने आई थी। लेकिन अचानक घटी इस घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह ने बताया कि यदि मृतका के मायके वाले तहरीर देते हैं तो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
![Jamuna college](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/WhatsApp-Image-2023-12-20-at-3.40.54-PM.jpeg)
![Gyan kunj](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/05/1-16.jpeg )
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/05/2-12.jpg)
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/1-41.jpeg)
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/2-14.jpeg)