Ballia : मकर संक्रांति उत्सव पर सामाजिक समरसता पर्व का हुआ आयोजन
रतसर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से मंगलवार को मकर संक्रांति उत्सव पर सामाजिक समरसता पर्व का आयोजन स्थानीय नगर पंचायत स्थित बीका भगत के पोखरा पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के जिला प्रचारक अनुज जी ने अपने बौद्धिक संबोधन में कहा कि भारत उत्सवधर्मी देश है। यहां प्रत्येक दिन कोई न कोई त्योहार हम सब मनाते है। संघ भी इसी क्रम में वर्ष के 6 त्योहार को मनाता है, जिसमें तीन शौर्य के तथा तीन सामाजिक समरसता के, हम सभी लोग यहां समरसता के इस खिचड़ी भोज में उपस्थित है। जिस प्रकार खिचड़ी में भिन्न-भिन्न प्रकार की वस्तुएं मिल कर एक रुप होकर स्वादिष्ट एवं सुपाच्य हो जाती है, वैसे ही हमारे हिन्दू धर्म में विभिन्न जाति, आराध्य एवं जीवन शैली के उपरान्त भी हम एक रूप है, हिन्दू है। कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने अपने शिकागो सम्मेलन में कहा था कि यदि सारे धर्माें को एक रूप कर दिया जाए तो वह हिन्दू ही होगा। अर्थात समस्त धर्मों का सार सनातन हिन्दू ही है। इस अवसर पर नगर कार्यवाहक आनंद, नगर प्रचारक दौलत जी, उपेन्द्र पाण्डेय, मदन राजभर, विनय सिंह, सतीश उपाध्याय, मनोज सिंह, उमेश सिंह, दीपक खरवार, अमित यादव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवानन्द सिंह एवं संचालन वेद प्रकाश खरवार ने किया।