Ballia : संघ का उद्देश्य क्षणिक नहीं बल्कि देश को ऊंचाई पर ले जाना है: विनय
बलिया। तन, मन और जीवन का समर्पण करना ही संघ का ध्येय व मुख्य उद्देश्य है। संघ का उद्देश्य क्षणिक नहीं बल्कि देश को ऊंचाई पर ले जाना है। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माल्देपुर-बलिया में गुरु पूजन के अवसर पर मुख्य वक्ता सह प्रान्त कार्यवाह विनय जी ने कही। सर्वप्रथम स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज, भारत माता को पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। एकल गीत-पूज्य माँ की अर्चना का एक छोटा उपकरण हूॅं… शिवम जी द्वारा किया गया। सह प्रान्त कार्यवाह विनय जी ने कहा पूजा का अर्थ समर्पण की भावना को प्रकट करना है। अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला ही गुरु होता है। देश की रक्षा करने में संघ का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने भगवा ध्वज को अपना गुरु बनाया। आज हम सभी स्वयंसेवक उनको गुरु मानकर उसकी पूजा करते हैं। संघ का कार्य कंटकमय है। व्यक्ति के जीवन में हमेशा समर्पण का भाव होना चाहिए। इस अवसर पर बलिया विभाग के विभाग प्रचारक तुलसीराम और विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान, विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख उमापति, सह जिला कार्यवाह अरुण मणि, प्रान्त सोशल मीडिया टोली सदस्य लव जी आदि स्वयंसेवक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।