Ballia : घूंघट में आयी युवती, दुल्हे पर फेंका एसिड
![](https://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/04/1-57.jpg)
प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा मामला, मां की तहरीर पर मुकदमा
बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम परिछावन के समय दूल्हे पर घूंघट में आयी एक युवती ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इससे दूल्हा गम्भीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि युवती दुल्हे की प्रेमिका है जिसने प्रेमी से शादी न होने पर यह कदम उठाया। वहीं महिलाओं ने युवती को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौक़े पर पहुंची पुलिस युवती को हिरासत में लेकर थाना चली गई। मामले को लेकर लोग प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं।
थाना क्षेत्र के गांव डुमरी निवासी राकेश बिंद का एक युवती से बीते कई वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने युवक से शादी करने का कई बार दबाव बनाया। मामले को लेकर थाना व गांव पर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन मामला नहीं निपटा। राकेश की बारात मंगलवार की शाम बेल्थरारोड क्षेत्र के एक गांव में जा रही थी। महिलाएं मांगलिक गीत गाते हुए दूल्हा का परिछावन करने के लिए गांव के शिव मंदिर पर पहुंची। सब खुशी खुशी चल रहा था। गांव के मुख्य मार्ग पर वाहन बरात जाने के लिए तैयार थे। दोस्त रिश्तेदार नए नए कपड़े पहनकर वाहनों में बैठ गए थे।
महिलाएं मंगल गीत गाते हुए दूल्हे की आरती उतार रही थीं। कहा जा रहा है कि नाराज प्रेमिका पॉलिथीन में टॉयलेट साफ करने वाला एसिड छुपा कर रखी थी। जैसे ही डीजे पर डांस शुरू हुआ दूल्हे के चेहरे पर प्रेमिका ने तेजाब फेंक दिया। तेजाब चेहरे से जब जमीन पर गिरा तो पूरा माहौल धुंआ धुंआ सा हो गया। मौके पर हड़कंप मच गया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने युवती को अपने कब्जे में ले लिया। दूल्हा को जिला अस्पताल भेज दिया। परिछावन देख रहा गांव निवासी राज बिंद पुत्र शंकर दयाल बिंद भी झुलस गया। जिसका निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।
इनसेट
दूल्हे पर तेजाब फेंकने के बाद कुछ महिलाओं को भी क्षति हुई। इसके बाद प्रेमिका को पकड़कर महिलाओं ने मौके पर खूब धुनाई की। इस मामले में बांसडीह रोड प्रभारी थाना अध्यक्ष मुन्ना लाल यादव ने कहा कि दूल्हे की मां मुन्नी देवी की तहरीर पर धारा 326 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में दूल्हा खतरे से बाहर है।
![Jamuna college](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/WhatsApp-Image-2023-12-20-at-3.40.54-PM.jpeg)
![Gyan kunj](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/05/1-16.jpeg )
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/05/2-12.jpg)
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/1-41.jpeg)
![Jamuna Ram snakottar](http://balliaajkal.com/balliaajkal.com/wp-content/uploads/2024/06/2-14.jpeg)