
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़सरी गांव के पास अज्ञात वाहन और बाइक में जोरदार टक्कर हो गयी। इससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस द्वारा दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखकर दोनों को जिला अस्पताल के लिये रवाना कर दिया। जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गयी। दोनों युवक रिश्ते में जीजा-साला है। इसकी जानकारी होते हुए परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी है। बताया जात है कि रविवार की रात्रि में लगभग 9 बजे बांसडीह थाना क्षेत्र के टड़वा निवासी दिनेश पासवान उर्फ टाईगर 25 वर्ष अपने साले मैरिटार निवासी हीरामन पासवान 22 वर्ष बाइक से गांव टड़वा जा रहे थे। इसी बीच बड़सरी गांव के पास बांसडीह से बलिया जा रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के सीएचसी बांसडीह पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही दोनों की मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं इस घटना से दोनों मृतकों के परिवारों मेंं कोहराम मच गया।

