Ballia : भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन
बलिया। लोकसभा क्षेत्र बलिया के भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के केंद्रीय कार्यालय का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा भाजपा प्रत्याशी लोकसभा क्षेत्र बलिया नीरज शेखर की उपस्थिति में हजारों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन झोपड़ी चंद्रशेखर नगर, बलिया में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम वैदिक मंत्रों तथा हवन पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। पूजन में लोकसभा प्रत्याशी नीरज शेखर अपनी पत्नी डॉक्टर सुषमा शेखर के साथ उपस्थित रहें। मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी तथा लोकसभा प्रत्याशी नीरज शेखर द्वारा फीता काटकर केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में लोक गीतों के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम के मंच पर वरिष्ठ नेता अनिल तिवारी, राहुल चौबे, अनिल चौबे, रमेश तिवारी, वीरेंद्र चतुर्वेदी आदि अनेक कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री त्रिपाठी ने कहा कि राजनैतिक युद्ध पौरुष और बल से नहीं विचारों से होता है और हम अपने विचारों के बल पर जीतेंगे। हमारे पास नेता, नीति और नियत साफ है और चुनाव में विजय प्राप्त करेंगे। हमारी पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो शासन में आने के बाद सभी वादों को पूरा करती है। विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प 370 को समाप्त करने का था वह भी हो गया। प्रधानमंत्री ने मुस्लिम महिलाओं के उत्थान के लिए तीन तलाक जैसी नीति को समाप्त किया और हमारा देश समान नागरिक संहिता को लागू करने के पथ पर भी अग्रसर है। हमारी पार्टी सदैव राष्ट्रवादी नीति और योजनाओं पर विचार करती है और इन्हीं विचारों के साथ हम बलिया में रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीतेंगे।
हम बलिया में बस चुनाव जीतने के लिए नहीं अपितु रिकॉर्ड बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। आभार व्यक्त करते हुए नीरज शेखर ने कहा कि आप अपना एक-एक वोट दे करके पीएम मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे, जिससे हम बलिया को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डबल इंजन सरकार के साथ जोड़कर के विकास के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम अध्यक्ष भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक जहुराबाद काली चरण राजभर, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्रनाथ सिंह, प्रभारी बलिया लोकसभा क्षेत्र मार्कंडेय शाही, निषाद पार्टी जिला अध्यक्ष शिव नारायण निषाद, अपना दल जिलाध्यक्ष पंकज पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा सुनीता श्रीवास्तव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य वरिष्ठ भाजपा नेता नागेंद्र पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष बलिया मिठाई लाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनमानस उपस्थित रहें।