
बलिया। सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक प्रधानाचार्य की मौत हो गयी। इसकी सूचना मिलते ही शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। मृतक प्रधानाचार्य के परिजनोें का रोते-रोते बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार सुखपुरा के बरगइया के बारी गांव निवासी अरविन्द उपाध्याय शिक्षा क्षेत्र बेरूआरबारी के कम्पोजिट कन्या जूनियर हाईस्कूल सुखपुरा पर प्रधानाध्यापक पद पर तैनात थे। वह सोमवार को शहर स्थित अपने आवास से बाइक द्वारा विद्यालय जा रहे थे। अभी वह जीराबस्ती के पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार अरविंद गम्भीर रूप से घायल हो गये। आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी। लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों न जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।