
बैरिया। वर्ष 2024 भारतीय जनता पार्टी के लिए एक मिशन है। हर कीमत पर जी तोड़ मेहनत कर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। उक्त बातें भाजपा के नौ वर्ष पूरा होने पर शनिवार की देर शाम बैरिया स्थित एसएस प्लाजा उत्सव गृह में भाजपा संयुक्त मोर्चा के सम्मेलन मंे बतौर मुख्य अतिथि सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने व्यक्त किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। जनोपयोगी योजनाओं व विकास के लेखा-जोखा को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए कहा कि बिना जांति धर्म और व्यक्ति को ध्यान में रखें देश हित में व पार्टी हित में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए हमें कार्य करना है। इसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनके मन के पसंद का उम्मीदवार नहीं होता तो वह पार्टी की मदद में नहीं लगते हैं।


ऐसे लोग बहुत समय तक किसी एक दल में नहीं रहते हैं और सम्मान भी नहीं पाते हैं। उन्होंने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि बलिया संसदीय क्षेत्र में 200 से अधिक सड़के बन रही हैं। जनता जनार्दन को चाहिए कि उन सड़कों के मानक पर पैनी नजर रखें। अगर मानक का उल्लंघन हो रहा हो, तो कार्य रोक दे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना है कि देश के हर नागरिक को किसी न किसी योजना से लाभान्वित किया जाए। इसके लिए लोगों को योजनाओं के विषय में बताना होगा और उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए जरूरी उपाय करने होंगे।

उन्होंने सिंचाई की चर्चा करते हुए कहा कि बलिया में 60 फ़ीसदी खेती सिंचाई पर आधारित है। किसानों को चाहिए कि सोलर नलकूप योजना का लाभ लें। अगर कहीं दिक्कत हो तो भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क करें। उनके दिक्कत को दूर किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने कहा कि 30 मई से शुरू जनसंपर्क अभियान 30 जून तक चलेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को दरवाजे दरवाजे घर-घर जाना है। अगर कोई पात्र व्यक्ति किसी योजना से वंचित है, तो उसका लाभ उसे दिलवाना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। कार्यक्रम को तेज नारायण मिश्र, विजय बहादुर सिंह, विजय सिंह, मदन सिंह, शैलेश पासवान, रत्नेश सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, कन्हैया सिंह सहित दर्जनों लोगों ने अपने विचार रखें। अध्यक्षता जयप्रकाश साहू व संचालन अमिताभ उपाध्याय ने किया।
