
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भीखा छपरा गांव के दक्षिण टोला में फूड प्वाइजनिंग से एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग बुधवार के भोर में तीन बजे के लगभग से बीमार हो गए। सभी लोगों को उल्टी, दस्त, चक्कर आना जैसी परेशानी होने लगी। जिसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में इलाज के लिए लाकर भर्ती कराया गया। बता दे कि विक्रमा चौधरी के घर कुछ दिन पूर्व शादी थी। जिसमें रिश्तेदार नातेदार आए हुए थे। मंगलवार की रात घर में लिट्टी चोखा खाने के लिए बना था। देर रात को परिवार के सभी लोगों ने लिट्टी चोखा का सेवन किया। बुधवार को भोर में तीन बजे के लगभग परिवार के आधार पर लोगों को उल्टी दस्त होने लगी। जिसमें लगनी देवी 70 वर्ष पत्नी विक्रमा चौधरी, रोहित चौधरी 15 वर्ष पुत्र राधेश्याम चौधरी, अंजलि चौधरी 12 वर्ष पुत्री राधेश्याम चौधरी, बिंदु देवी 30 वर्ष पत्नी राधेश्याम चौधरी, धर्म शिला देवी 35 वर्ष पत्नी धनंजय निवासी बिहार, नंदनी 2 वर्ष पुत्री धनंजय निवासी बिहार बीमार हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में भर्ती करा कर उनका इलाज चल रहा है। इलाज करने वाले चिकित्सक डॉक्टर विजय कुमार यादव ने बताया फूड प्वाइजनिंग से उक्त सभी लोग बीमार हुए हैं। भोजन बनाने में साफ सफाई का अभाव रहा होगा अथवा लिट्टी बनाने में जो सत्तू और आटा उपयोग किया गया है उस में गड़बड़ी होगी। सभी बीमार खतरे से बाहर है उनका इलाज चल रहा है।

