
-नगर के वार्डों में एक साथ भ्रमण कर मांग रहे समर्थन
बलिया। निकाय चुनाव की सरगर्मी धीरे-धीरे गति पकड़ने लगी है। सपा भले ही दो खेमे में हो, लेकिन नगर पालिका बलिया के सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्त का दावा है कि विकास के नाम पर चुनाव फतह करेंगे। सबसे मजे की बात यह है कि अब सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्त के साथ साथी रामजी गुप्त भी खुलकर मैदान में आ गये है।
साथी रामजी गुप्त राजनीति के पक्के खिलाड़ी है। वह लगातार कई बार बलिया नगर विधान सभा क्षेत्र से एमएलए का चुनाव लड़ चुके है। इनकी वैश्य वोट पर मजबूत पकड़ है। ऐसे में राम एवं लक्ष्मण की जोड़ी चुनावी रणक्षेत्र में आ चुकी है। एक वक्त था जब राम एवं लक्ष्मण चुनाव मेें आमने-सामने हुआ करते थे। इस बार के चुनाव में यह जोड़ी एक साथ दिख रही है। साथी रामजी गुप्त ने बताया कि सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्त को अपार समर्थन मिल रहा है। सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्त के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी प्रमुख नेताओं एवं पदाधिकारियों से संपर्क बनाये हुए है। गौरतलब हो कि विधान सभा चुनाव-2017 में सपा से लक्ष्मण गुप्त मैदान में थे, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। विधान सभा चुनाव-2022 में सपा से लक्ष्मण गुप्त टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने उनको टिकट नहीं दिया। अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लक्ष्मण गुप्त पर विश्वास जताते हुए नगर पालिका अध्यक्ष के लिए टिकट देकर मैदान में उतारा है।

