
बलिया। भारत सरकार का ऐतिहासिक अमृत काल का केन्द्रीय बजट 2023-24 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में रखा गया। उक्त बातें सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में कहीं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच में, नीतियों में एवं बजट मे गरीब, किसान, शोषितों का कल्याण केन्द्र बिन्दु में रहता है। यह बजट जन-कल्याणकारी बजट है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बजट के माध्यम से पुराने टैक्स व्यवस्था को खत्म करते हुए मध्य वर्ग के नौकरी पेशा लोगो को ऐतिहासिक तोहफा दिया है। अब नौकरी पेशा लोगों को 7 लाख रूपये सलाना की आय पर कोई टैक्स नही देना होगा। भारत मोटा अनाज का सबसे बड़ा उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है। सांसद रविंद्र कुशवाहर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा पशुपालन डेयरी और मत्स्य पालन पर ध्यान देने के साथ कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रूपये किये जाने के निर्णय का हृदय से स्वागत किया। रेलवे के लिए 2 लाख 40 हजार करोड़ रूपये का बजट दिया गया है। जो कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय के 2013-14 के बजट से नौ गुना अधिक है। इन्वेस्टमेंट खर्च को 33 प्रतिशत बढाकर 10 लाख करोड रूपये किया गया है, जो 2019-20 की तुलना में लगभग 33 प्रतिशत अधिक है। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत 149 विश्व स्तरीय स्टेशन विकसित किये जायेगे। बलिया जनपद के भी बलिया, बेल्थरारोड, सुरेमनपुर स्टेशन भी इस योजना के तहत विकसित होगे। इस बजट में पीएम आवास योजना का बजट बढ़ाकर 49 हजार करोड रूपये कर दिया गया है। पीएम आवास योजना में 66 प्रतिशत की बढोतरी दर्शाता है कि मोदी सरकार गरीबों के लिए कितनी संवेदनशील है।
कोरोना संकट और रूस-युक्रेन युद्ध के कारण उपजे वैश्विक संकट के बावजूद देश के बजट का आकार बढ़ाकर 45 लाख करोड रूपये करना भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को दर्शाता है। इस बजट में 50 पर्यटन स्थलों की पहचान की जायेगी। घरेलू और अंतराष्ट्रीय पर्यटन को सम्पूर्ण पैकेज के रूप में इन्हें विकसित किया जायेगा। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और हैंडीक्राफ्ट आइटम को बढ़ावा दिया जायेगा। कुल मिलाकर यह बजट अजादी के 100 साल बाद भारत की परिकल्पना का बजट है। इस बजट में किसान, व्यवसायी, मध्य वर्ग, महिला से लेकर समाज के सभी वर्ग के विकास की रूप रेखा है। भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ रहीं है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, संजय मिश्रा, अशोक यादव, पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।

