Ballia : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 568 जोड़ों की शादी हुई
आनन्द सिंह
मनियर/सहतवार (बलिया)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत मनियर इंटर कॉलेज के प्रांगण में बृहस्पतिवार को 568 जोड़ी शादियां संपन्न हुई, जिसमें प्रत्येक जोड़ी को अटैची एवं बर्तन सेट प्रदान किया गया। शादी समारोह में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि गरीब बेटियों की शादी करना बहुत ही दुष्कर कार्य था। इस समस्या को देखते हुए हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी महाराज द्वारा गरीब बेटियों की शादी का निर्णय लिया और उसके शादी का खर्च की सारी व्यवस्था यह सरकार उठा रही है।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि बेटियों का जन्म लेने पर माता-पिता दुःखी होते थे। बेटियों का जन्म लेना अभिशाप माना जाता था। जब से केंद्र में मोदी की सरकार बनी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आए तो उन लोगों ने गरीबों की बेटियों की शादी का सारा खर्च उठाने का निर्णय लिया। अब किसी गरीब की बेटी की शादी पैसे के अभाव में नहीं रुकेगी। इस मौके पर नव दंपति को मुख्य अतिथि सांसद रवींद्र कुशवाहा एवं विधायक ने नव दंपति पर फूल बरसाये।
गायत्री शक्ति पीठ बलिया से आए वीरेंद्र परिव्राजक, शंकर शास्त्री एवं अंजनी कुमार वर्मा ने शादी का मंत्र पढ़ा। इस मौके पर देवेंद्र नाथ त्रिपाठी, शांत स्वरूप सिंह (गुड्डू) गोपाल सोनी, सीतांशु गुप्ता, राजेश सिंह, योगेंद्र सिंह, विजय प्रकाश गुप्ता, पीडी उमेश मणि त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी बांसडीह राजेश गुप्ता,थाना प्रभारी मनियर मंतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी मनियर इरशाद अहमद, खंड विकास अधिकारी बांसडीह श्रवण कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी बेरुआरबारी संजय कुमार, खंड विकास अधिकारी रेवती शकील अहमद के अतिरिक्त बांसडीह रोड, पकड़ी आदि थानों की फोर्स मौजूद रही।
विधायक केतकी सिंह ने महिला मंडली के साथ बैठकर मंगल गीत एवं शादी के समय गाए जाने वाले गाली भी गायी, जिसमें नेता सहित अधिकारी, एमपी रविन्द्र कुशवाहा, सीएम को गाली दी गई जो चर्चा का विषय रहा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम बबलू सिंह बहार ने प्रस्तुत किया। संचालन अरविंद कुशवाहा ने किया।