Ballia : रामोत्सव पर आयोजित होंगे ऐतिहासिक कार्यक्रम : मंगलदेव चौबे
बलिया। विश्व हिन्दू परिषद के कैम्प कार्यालय, जापलिनगंज, दुर्गा मंदिर पर जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की टीम के साथ-साथ सभी 11 प्रखण्डों के निष्ठावान कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। बैठक की शुरूआत प्रान्त सह मंत्री मंगलदेव चौबे द्वारा राम दरबार और भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर और दीप प्रज्ज्वलित कर हुई। बैठक में विषय रखते हुए मंगलदेव चौबे ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद के लिए आगामी दो माह बहुत ही महत्वपूर्ण है। 20 फरवरी से 15 मार्च तक धर्म रक्षा निधि का कार्यक्रम सुनिश्चित है। इसमें सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका सुनिश्चित करने हेतु श्री चौबे ने आह्वान किया। हिन्दू नव वर्ष, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर एक भव्य शोभा यात्रा निकालने की भी योजना पर चर्चा हुई। तय हुआ कि यह शोभा यात्रा कार्यालय से प्रारम्भ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः कार्यालय पर समाप्त होगी।
शोभा यात्रा में दस हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया। इसके पश्चात् राम नवमी के अवसर पर एक वृहद केन्द्रीय कार्यक्रम की भी रूप रेखा बनाई गई। केन्द्रीय कार्यक्रम में भी लगभग दस हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके पूर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए एक प्रसाद का स्टॉल लगाने पर भी सहमति बनी। बैठक को जिला कार्याध्यक्ष सुनील कुमार ने भी संबोधित किया और मंगलदेव चौबे को जिला टीम की ओर से आश्वस्त किया कि आपके द्वारा जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उसे हम सभी कार्यकर्ता निश्चित रूप से पूरा करेंगे। बैठक का संचालन जिला मंत्री भानु तिवारी ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से कृष्णा, श्याम, अजय, जितेन्द्र, संजीव, मनीष, आशीष, अरुण सिंह, मनोज, संजेश, शुभम, सुबोध कुमार, राजेश प्रजापति आदि उपस्थित रहे।