रोशन जायसवाल


बलिया। भाजपा व सपा से कौन होगा उम्मीदवार यह तो भविष्य के गर्भ में है लेकिन इन दलों में दावेदारों पर मंथन शुरू हो चुका है। भाजपा व सपा से प्रमुख रूप से दावेदारी कर रहे कुछ दावेदारों पर पार्टी की निगाह लगी हुई है। अब देखना यह होगा कि सबसे पहले कौन दल अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करता है। यह माना जा रहा है कि आगामी लड़ाई प्रमुख राजनैतिक दलों के दावेदारों के बीच मुकाबला हो सकता है। वैसे निर्दल प्रत्याशी भी चुनाव में ताल ठोकेंगे। जिले के दो नगर पालिका व 10 नगर पंचायतों में दावेदारों की संख्या सैकड़ों में है। कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी, अपना दल, अधिकार सेना सहित अन्य राजनैतिक दल चुनाव मैदान में अपने प्रत्याशियों के साथ चुनाव मैदान में होंगे। आरक्षण मेें फेरबदल होने के कारण बलिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए पहले यह सीट महिलाओं के लिए आरक्षित थी, लेकिन अब नये आरक्षण में यह सीट पुनः सामान्य हो गयी है। सभी राजनैतिक दलों के कार्यालय में प्रमुख दावेदारों की सूची तैयार हो रही है और उनके बारे में फीडबैक लिए जा रहे है। कुछ लोग गोपनीय तरीके से भी दावेदारों के बारे में जानकारी ले रहे है। उसके बाद रिपोर्ट तैयार होगी, उसके आधार पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा होगी।
दो भाजपा, तीन सपा, एक सुभासपा व एक बसपा के है विधायक
निकाय चुनाव को लेकर विभिन्न राजनैतिक दलों के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के नगर पालिका व नगर पंचायतों पर अध्यक्ष पद व सभासद पद के लिए दावेदारों को लेकर फीडबैक ले रहे है। जिले में कुल सात विधायक है। बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक व सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह के क्षेत्र में एकमात्र नगर पालिका बलिया है। यहां 20 वर्षों से कमल नहीं खिला है, अब कमल खिलाने की पूरी तैयारी चल रही है। नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार को जिताने के लिए मंत्री दयाशंकर सिंह की भूमिका अहम होगी। इसी क्रम में बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक केतकी सिंह के क्षेत्र में कुल चार नगर पंचायत है। बांसडीह, सहतवार, रेवती व मनियर। इसके अलावा बेल्थरारोड से सुभासपा विधायक हंशु राम के क्षेत्र में बेल्थरारोड व नगरा नगर पंचायत है। इसके अलावा बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के क्षेेत्र में रसड़ा नगर पालिका है। फेफना के सपा विधायक संग्राम यादव के क्षेत्र में चितबड़ागांव व रतसर कला नगर पंचायत है। सिकन्दरपुर के सपा विधायक मोहम्मद रिजवीं के क्षेत्र में सिकन्दरपुर नगर पंचायत है। बैरिया के सपा विधायक जयप्रकाश अंचल के क्षेत्र में बैरिया नगर पंचायत है। इन सभी जगहों पर विधायकों की नजर दावेदारों पर लगी हुई है।
